पहली कॉल में घबराहट, पहली डील की खुशी

मेरी पहली नौकरी

किसी ग्राहक को किया गया अपना पहला फोन मैं कभी नहीं भूल सकता। मेरी हथेलियों पर पसीना आ रहा था और काँपते हाथों में सेल्स की स्क्रिप्ट पकड़ना भी मुश्किल हो रहा था। अजीब बात यह थी कि अपनी ही आवाज़ मुझे दूर से आती सुनाई दे रही थी, जैसे मेरी जगह कोई और बोल रहा हो। इससे पहले मैंने कभी कुछ नहीं बेचा था। और अब, ज़िंदगी की पहली नौकरी के पहले ही दिन, मुझे पूरे आत्मविश्वास के साथ ग्राहक से बात करनी थी। एक कार कंपनी में फोन पर सेल्स का काम करते हुए मुझे बिल्कुल अनजान लोगों को उनकी ज़िंदगी की सबसे महँगी खरीदारी में से एक के लिए राज़ी करना था।

पहला हफ्ता बेहद मुश्किल रहा। ज़्यादातर लोग कुछ ही सेकंड में फोन काट देते थे। कुछ साफ़ कह देते कि उन्हें कोई दिलचस्पी नहीं है। कुछ तो बेहद बदतमीज़ी से बात करते थे और बहुत से लोग फोन उठाते ही नहीं थे। जैसे-तैसे वह हफ्ता खत्म हुआ। मैं सौ से ज़्यादा कॉल कर चुका था, लेकिन एक भी कार नहीं बेच पाया था। वीकेंड पर मेरे मन में बार-बार एक ही सवाल उठ रहा था, “क्या यह नौकरी सचमुच तुम्हारे बस की है?”

लेकिन मैंने हार नहीं मानी। इसके बजाय मैंने दूसरों से सीखना शुरू किया। मैं अपने सीनियर साथियों की बातें ध्यान से सुनता, देखता कि वे ग्राहकों से बातचीत कैसे शुरू करते हैं और उनके सवालों या आपत्तियों का जवाब कैसे देते हैं।

धीरे-धीरे मुझे एक ज़रूरी बात समझ आई। लोगों को सेल्स कॉल से उतनी परेशानी नहीं होती, जितनी किसी ऐसे सेल्समैन से होती है जो बस अपनी बात कहे जाए और खरीदने का दबाव डाले। ग्राहक भी चाहता है कि कोई उसकी बात सुने।

बस, मैंने अपना तरीका बदल दिया। रटी-रटाई सेल्स स्क्रिप्ट एक तरफ रख दी और सवाल पूछने शुरू किए। आप कैसी कार चाहते हैं? आपका बजट कितना है? कार परिवार के लिए चाहिए या काम के लिए?

धीरे-धीरे बातचीत का अंदाज़ बदलने लगा। अब किसी ग्राहक के मना करने पर मुझे बुरा नहीं लगता था। हर ‘ना’ से कुछ न कुछ सीखने को मिलता था। मैं समझने लगा कि अगली बार किसी ग्राहक को ‘हाँ’ कहने के लिए कैसे राज़ी किया जा सकता है। मुश्किल हालात सँभालना भी सीख रहा था। कभी कोई ग्राहक गुस्से में होता, कभी कोई दूसरी कंपनी की कार से कीमत की तुलना करता, तो कभी बिक्री का लक्ष्य पूरा करना नामुमकिन लगता।

फिर एक दिन ऐसा आया जिसे मैं ज़िंदगी भर नहीं भूल सकता। एक ग्राहक कई हफ्तों से कार खरीदने के बारे में सोच रहा था। वह बार-बार कहता कि अभी बस अलग-अलग विकल्प देख रहा है। एक दिन उसी का फोन आया। उसने मुझसे कहा, “आप ही एक ऐसे इंसान थे जिसने सच में समझा कि मुझे क्या चाहिए।”

उसकी बात सुनकर लगा कि इस नौकरी में अब तक जो कुछ सीखा था, वह सब काम आ गया। इसके बाद हालात बेहतर होने लगे। हर हफ्ते दिलचस्पी दिखाने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी। जिन लोगों को मैं फोन करता था, उनमें से कई टेस्ट ड्राइव बुक कराने लगे और कुछ ने कार की बुकिंग भी पक्की कर दी।

अब मैं ग्राहकों से दोबारा संपर्क करते समय ज़्यादा ध्यान देता था कि उनसे क्या बात करनी है। मेरे हाथों का काँपना बंद हो गया था और आवाज़ में आत्मविश्वास आ गया था। जो लड़का अपनी पहली कॉल भी मुश्किल से पूरी कर पाया था, वह अब कई संभावित ग्राहकों से एक साथ आसानी से बात कर रहा था और बिक्री का काम सँभाल रहा था।

मेरी पहली नौकरी ने मुझे सिर्फ तनख्वाह नहीं दी। इसने मुझे धैर्य रखना, लोगों से बात करना, मुश्किलों का सामना करना और सबसे बढ़कर, दूसरों की बात सुनना सिखाया। मैंने सीखा कि अच्छे सेल्समैन वे नहीं होते जो सबसे ज़्यादा बोलते हैं। अच्छे सेल्समैन वे होते हैं जो ग्राहकों से सबसे अच्छा रिश्ता बना पाते हैं।

P.S. (अनुरोध पर पूरा नाम नहीं दिया गया है)