आपके मैनेजर को पता है कि आप व्यस्त हैं। लेकिन क्या उन्हें पता है कि आपने कितना काम पूरा किया?

सुबह से आप ऑफिस के काम में डूबे हुए हैं। खाना खाने तक का समय नहीं मिला। लगातार मैसेज का जवाब दे रहे हैं और एक सहकर्मी की प्रेज़ेंटेशन बेहतर बनाने में भी मदद कर रहे हैं। तभी अचानक मैनेजर पूछ लेते हैं, “काम कहाँ तक पहुँचा?”

ऐसे में झुंझलाहट होना स्वाभाविक है। खासकर तब, जब यह आपकी पहली नौकरी हो और आप खुद को साबित करने की पूरी कोशिश कर रहे हों। क्या मैनेजर ने नहीं देखा कि आप सुबह से कितना काम कर रहे हैं?

देखा तो होगा। लेकिन हो सकता है कि उन्हें यह पता न हो कि आपने कौन-सा काम पूरा कर लिया है। कौन-सा काम उनकी मंज़ूरी के इंतज़ार में रुका है या किस काम में आपको अभी परेशानी आ रही है।

यह सब साफ़-साफ़ बताना भी आपके काम का हिस्सा है। इसका मतलब यह नहीं कि आप हर मीटिंग में अपनी तारीफ़ करें या हर ईमेल की कॉपी बड़े अधिकारियों को भेजें। आप अपने मैनेजर के साथ मिलकर तय कर सकते हैं कि कितने समय बाद काम की जानकारी देनी है। फिर छोटे और साफ़ संदेश में बता सकते हैं कि क्या पूरा हो गया, आगे क्या करना है और किस काम के लिए किसी दूसरे व्यक्ति के फैसले की ज़रूरत है।

मसलन, सिर्फ इतना कहने के बजाय कि “प्रेज़ेंटेशन पर काम किया”, आप कह सकते हैं, “प्रेज़ेंटेशन तैयार है। भेजने से पहले इन बातों पर आपकी मंज़ूरी चाहिए।” इससे साफ़ हो जाता है कि काम कहाँ तक पहुँचा है और क्या बाकी है।

जब कई सहकर्मी एक साथ आपको ज़रूरी काम सौंप दें, तब भी शुरुआत में ही स्थिति साफ़ कर देना बहुत मददगार हो सकता है। सबकी बात चुपचाप मान लेना और फिर किसी तरह सारे काम निपटाने की कोशिश करना समझदारी नहीं है।

बेहतर होगा कि आप उन्हीं से प्राथमिकता तय करने को कहें। मसलन, “मुझे आज ये दो काम पूरे करने हैं। आप बताइए, पहले कौन-सा करूँ?” इससे आपकी स्थिति भी साफ़ हो जाती है और मैनेजर को भी समय रहते तय करने में मदद मिलती है कि कौन-सा काम पहले होना चाहिए।

लेकिन ज़िम्मेदारी सिर्फ कर्मचारियों की नहीं है। मैनेजरों को भी सवालों के जवाब देने चाहिए, उलझनें दूर करनी चाहिए और पूरे हो चुके काम पर ध्यान देना चाहिए। अगर वे काम की जानकारी देने वाले संदेश पढ़ते ही नहीं या उनका जवाब नहीं देते, तो ऐसी रिपोर्ट भेजना एक अतिरिक्त काम बनकर रह जाता है, जिससे किसी को फायदा नहीं होता।

अपने काम का श्रेय पाने के लिए हर जगह उसका ढिंढोरा पीटना ज़रूरी नहीं है। इतना काफी है कि दूसरों को साफ़ पता हो कि आपने क्या योगदान दिया है। इसलिए ऑफिस से निकलने से पहले खुद से एक सवाल पूछिए: क्या मैंने आज यह साफ़ किया कि मेरा कौन-सा काम पूरा हो चुका है और कौन-सा अभी बाकी है?