अप्रेंटिसशिप सिर्फ फैक्ट्री के काम तक सीमित नहीं

अगर आपने हाल ही में ग्रेजुएशन किया है और पहली नौकरी तलाश रहे हैं, तो क्या आपने कभी अप्रेंटिसशिप के बारे में सोचा है? बहुत से युवाओं को लगता है कि अप्रेंटिसशिप सिर्फ फैक्ट्रियों और तकनीकी कामों के लिए होती है। लेकिन ऐसा नहीं है।

अप्रेंटिसशिप के ज़रिए बैंकिंग, आईटी, रिटेल, सामान की ढुलाई और सप्लाई से जुड़े कामों या यहाँ तक कि स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में भी मौका मिल सकता है। 2025 में सरकार की दो योजनाओं, नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (NATS) और नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम (NAPS), के तहत करीब 17 लाख अप्रेंटिस काम कर रहे थे। सरकार ने भी पुष्टि की है कि इन योजनाओं में मैन्युफैक्चरिंग के अलावा सेवा क्षेत्र के कई उद्योग शामिल हैं।

अप्रेंटिसशिप का एक बड़ा फायदा यह है कि आप किसी कंपनी या संस्थान में काम सीखते हैं और इसके बदले आपको पैसे भी मिलते हैं। इससे नए ग्रेजुएट किसी उद्योग के कामकाज को समझ सकते हैं और आगे चलकर नियमित नौकरी मिलने की संभावना भी बेहतर हो सकती है।

हालाँकि, अप्रेंटिसशिप करने से पक्की नौकरी मिलने की गारंटी नहीं होती। कौन आवेदन कर सकता है, अप्रेंटिसशिप कितने समय की होगी और कितना स्टाइपेंड यानी प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाली रकम मिलेगी, यह काम और उद्योग के हिसाब से अलग-अलग होता है। इसलिए आवेदन करने से पहले सभी शर्तें ध्यान से पढ़नी चाहिए।

अगर आप पहली नौकरी की तलाश में परेशान हैं, तो अप्रेंटिसशिप के मौके खोजने के लिए सरकार के दो पोर्टल आपके काम आ सकते हैं। NATS का पोर्टल है https://nats.education.gov.in/ और NAPS का पोर्टल है https://apprenticeshipindia.gov.in/। यहाँ आप अपनी डिग्री के विषय से अलग और उन उद्योगों में भी मौके तलाश सकते हैं जिनके बारे में आपने पहले नहीं सोचा था।

हो सकता है कि आपके करियर की शुरुआत किसी नियमित नौकरी से न हो। लेकिन कौन जानता है? शायद आपको किसी ऐसे उद्योग में काम शुरू करने का मौका मिल जाए जिसके बारे में आपने कभी सोचा भी नहीं था।